बाजार में अगले हफ्ते तक रुस की वैक्सीन स्पूतनिक बाजार में उपलब्ध होने की संभावना-नीति आयोग

अनुभव अवस्थी
We hope Sputnik V vaccine will be available in market by next week: NITI Aayog member VK Paul
— Press Trust of India (@PTI_News) May 13, 2021
भारत में कोविड-19 की कहर के बीच एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। देश में अगले हफ्ते से रूस की कोरोना वैक्सीन स्पूतनिक बाजार में उपलब्ध होने की संभावना जताई गई है। नीति आयोग के सदस्य डॉक्टर वीके पॉल ने आज कहा कि अगले हफ्ते से लोगों को स्पूतनिक का टीका लगाया जा सकता है। इस वैक्सीन का जुलाई से भारत में उत्पादन होगा। उन्होंने कहा, ‘स्पूतनिक वैक्सीन भारत में पहुंच गई है। मुझे यह कहते हुए खुशी है कि हम उम्मीद करते हैं कि अगले हफ्ते से यह बाजार में उपलब्ध रहेगी। हम यह भी आशा करते हैं कि रूस से आई वैक्सीन की सीमित मात्रा में बिक्री अगले हफ्ते से शुरू हो जाएगी।’
भले ही पिछले कुछ दिनों में कोविड-19 के मामलों में कमी आनी शुरू हुई है, लेकिन खतरा अभी भी बना हुआ है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश के केवल चार ऐसे राज्य हैं, जहां पॉजिटिविटी रेट पांच प्रतिशत से कम है। साथ ही देश में 12 राज्य ऐसे हैं, जहां एक लाख से भी ज्यादा एक्टवि केस हैं। ये सब जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि देश में अब तक 83.26 फीसदी मामले ठीक हुए हैं। देश में करीब 37.1 लाख एक्टिव केस की संख्या बनी हुई है। 3 मई को रिकवरी रेट 81.3 प्रतिशत था, जिसके बाद रिकवरी में सुधार हुआ है। पिछले 24 घंटों में देश में 3,62,727 मामले दर्ज़ किए गए हैं।
कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान में भारत तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। वैश्विक स्तर पर भारत सबसे तेज वैक्सीनेशन करने वाला देश बन गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि भारत में 17 करोड़ से अधिक लोगों को 117 दिन में वैक्सीन लग चुकी है। वहीं इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए चीन को 119 दिनों का समय लगा जबकि अमेरिका को 115 दिन लगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक लाभार्थियों को अब तक वैक्सीन की कुल 17 करोड़ 70 लाख 85 हजार से ज्यादा डोज लगाई गई हैं। इनमें से 34.66 लाख डोज 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 18-44 आयुवर्ग के लोगों को पहली डोज के रूप में दी गई हैं।
नीति आयोग सदस्य डॉ. वी. के पॉल ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए लगातार हर स्तर पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगस्त से दिसंबर तक की वैक्सीन की उपलब्धता देखें तो कुल 216 करोड़ वैक्सीन डोज उपलब्ध होने की उम्मीद है। इसमें 55 करोड़ डोज कोवैक्सीन, 75 करोड़ कोविशील्ड, 30 करोड़ बायो ई सब यूनिट वैक्सीन, 5 करोड़ जायडस कैंडिला डीएनए, 20 करोड़ नोवावैक्सीन, 10 करोड़ भारत बायोटेक नेजल वैक्सीन, 6 करोड़ जिनोवा और 15 करोड़ डोज स्पुतनिक की उपलब्ध होगी। इसके अलावा दूसरी विदेशी वैक्सीन भी आ सकती है।