मध्य प्रदेश के प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने ममता बनर्जी को रामायण भेंटकर राम-नाम जपने के लिए कहा


मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर और हुजूर क्षेत्र के विधायक रामेश्वर शर्मा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को रामायण की एक प्रति भेजी है। रविवार को मालवीय नगर स्थित अपने कार्यालय में रामेश्वर शर्मा ने खुद इस बात की जानकारी दी।
प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने साथ में एक भी पत्र लिखा है । रामेश्वर शर्मा ने कहा कि ममता दीदी को राम नाम के उद्घोष से नफरत हैं। उन्होंने कहा कि ममता दीदी मेरी आपसे प्रार्थना है कि जय श्रीराम बोलना सीखो। भगवान राम का विरोध करना बंद करो। बंगाल में एक कार्यक्रम के दौरान आपने भगवान राम का अपमान किया है। बंगाल की जनता विधानसभा चुनाव में आपको सबक सिखाएगी।
मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कई वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनने वाला है। इसके लिए सम्पूर्ण देशभर में समर्पण निधि अभियान चल रहा है जो 15 फरवरी तक चलेगा। इसमें हर वर्ग के लोग अपनी श्रद्धा अनुसार दान दे रहे हैं। ममता दीदी, आप भगवान श्रीराम के नारों से नाराज न होइये।
आगे रामेश्वर शर्मा ने कहा, ‘ममता दीदी भगवान राम का नाम जपो। मैं आपको रामायण की एक पुस्तक भेज रहा हूं। रामायण को पढ़िए। उम्मीद करता हूं कि आपको सद्बुद्धि आएगी। जैसे पूरी दुनिया में प्रभु श्रीराम के भक्त हैं, आप भी रामायण पढ़कर उनकी भक्त हो जाएंगी और जय श्रीराम का नाम जपने लगेंगी।’
