रोज सुबह योग करें एवं शरीर को स्वस्थ बनाएं – वित्त मंत्री देवड़ा

● सभी एक दूसरे को प्रेरित करें एवं वैक्सीनेशन करवाएं – मंत्री डंग
● वैक्सीनेशन महाअभियान का जिला अस्पताल में मंत्री देवड़ा व मंत्री डंग ने शुभारंभ किया
चंदन गौड़
मन्दसौर | पूरे प्रदेश में एक साथ शुरू हुआ वैक्सीनेशन महाअभियान का शुभारंभ मंदसौर जिले में जिला अस्पताल स्थित सीएमएचओ बंगले पर वित्त, वाणिज्यकर, योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी विभाग के मंत्री जगदीश देवड़ा एवं नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा तथा पर्यावरण विभाग के मंत्री हरदीप सिंह डंग ने प्रातः 9:30 बजे शुभारंभ किया। शुभारंभ अवसर पर मंत्री देवड़ा द्वारा कहा गया कि रोज सुबह योग करें तथा शरीर को सशक्त बनाए। योग एकमात्र ऐसा उपाय है जो शरीर को सशक्त बनाना है। कोरोना की प्रथम एवं दूसरी लहर से यह बात समझ मे आयी कि जिन लोगों ने समय-समय पर योग किया उनको कोरोना छू भी नहीं सका। यहां तक कि ऐसे लोगों पर कोरोना का बिल्कुल भी असर नहीं पड़ा। जान है तो जहान है इसलिए सभी लोग योग जरूर करें तथा वैक्सीनेशन महाअभियान में सभी भाग लेवे तथा अधिक से अधिक लोग वैक्सीन लगवाए। इसके लिए सभी को प्रेरित करें। यह एक व्यक्ति का काम नहीं बल्कि हम सभी का काम है। इसलिए सभी मिलकर इसमें सहयोग प्रदान करें। यह अभियान पूरे प्रदेश में एक साथ आरंभ हुआ है। इसीलिए सभी लोग अनिवार्य रूप से वैक्सीन लगवाए। इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता, मंदसौर विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, कलेक्टर मनोज पुष्प एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी, मंदसौर एसडीएम बिहारी सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राठौर, पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटिल, मुकेश काला, पत्रकार, आम नागरिक उपस्थित थे।
मंत्री डंग द्वारा कहा गया कि वैक्सीनेशन महाअभियान के लिए सभी एक दूसरे को प्रेरित करें तथा सभी लोग इस महाअभियान में भाग ले। सभी व्यक्ति जरूर वैक्सीन लगवाएं। कोई भी व्यक्ति इससे बचना नही चाहिए तभी कोविड-19 से सुरक्षा होगी। कोरोना को कंट्रोल करने के लिए वैक्सीन बहुत ही प्रभावी है। इसमें सभी जनता का बहुत सहयोग आवश्यक है। यह अभियान लगातार चलेगा। इस अभियान के लिए जरूरी है कि लगातार वैक्सीनेशन करें।
सांसद सुधीर गुप्ता द्वारा कहा गया कि 21 जून वर्ष का सबसे बड़ा दिवस है एवं लगातार 7 वर्ष से योग दिवस मना रहे हैं। कल्याण के लिए योग का संदेश दिया जा रहा है। क्षमता में वृद्धि करने का दिवस है। किसी के जीवन में अनुशासन बनाये रखने का दिवस है। इसलिए वैक्सीनेशन के साथ योग भी जरूर करें।
कलेक्टर मनोज पुष्प द्वारा कहा गया कि वैक्सीनेशन महाअभियान आज से प्रारंभ हो रहा है। जिले में जितने भी हाई रिस्क के जितने भी समूह है उनका वेक्सिनेशन किया जाएगा। साथ ही 25 हजार का लक्ष्य वैक्सीनेशन के लिए निर्धारित किया गया है। लेकिन वैक्सीन और अधिक उपलब्ध हो गई है। इसलिए लगभग 33 हजार वैक्सीनेशन आज जिले में लगाई जाएगी।
विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया द्वारा कहा गया कि कोविड महामारी ने हम लोगों के बीच जागरूक रहने का संदेश दिया है। वैक्सीनेशन के लिए प्रधानमंत्री लगातार काम कर रहे हैं। सभी राज्यों में निःशुल्क वैक्सीन भी उपलब्ध करवाई है। शत प्रतिशत वैक्सीन सबको लगे इसके लिए अभियान भी चलाया गया। वैक्सीन लगाने का प्रतिशत लगातार बढ़ता जाएगा। कोई भी व्यक्ति ना छूटे इसके लिए सभी एक दूसरे को प्रेरित कर वैक्सीन लगवाए।