आयोग पदाधिकारियों ने भानपुरा में किया आंगनवाड़़ी केन्द्र का निरीक्षण

• बच्चों को स्टेशनरी व फल वितरित कर परिसर में पौधारोपण भी किया
चंदन गौड़
मन्दसौर | मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के माननीय अध्यक्ष न्यायमूर्ति नरेन्द्र कुमार जैन एवं माननीय सदस्य मनोहर ममतानी ने मंदसौर जिले के नगर परिषद भानपुरा में चम्बल चौराहा स्थित आंगनवाड़ी केन्द्र क्र. 01 का निरीक्षण किया। एकीकृत बाल विकास परियोजना भानपुरा के अधीन इस आंगनवाड़ी केन्द्र का मुआयना कर आयोग पदाधिकारियों ने यहां गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों के लिये उपलब्ध सभी सुविधाओं, व्यवस्थाओं और परिसर की स्वच्छता देखकर हर्ष व्यक्त किया। आयोग के निरीक्षण मौके पर क्षेत्रीय विधायक देवीलाल धाकड, जिला प्रशासन मंदसौर के अधिकारियों सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के जिलाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। आयोग पदाधिकारियों ने यहां बच्चों को कापी, पेन, पेन्सिल व अन्य जरुरी स्टेशनरी सामग्री सहित ताजे फल भी वितरित किये। इस केन्द्र में 07 गर्भवती महिलाएं, 04 धात्री महिलाएं, 0 से 6 वर्ष तक के 51 बच्चे दर्ज हैं। आंगनवाडी केन्द्र में सभी व्यवस्थाएं सुचारू पायीं गयीं। केन्द्र में बच्चों को दिनवार तय मीनू के अनुसार पोषण व अन्य आहार दिया जाता है। यहां बच्चों को स्वच्छता और नैतिक शिक्षा भी दी जाती है। आयोग पदाधिकारियों ने विभागीय अधिकारियों के अलावा आंगनवाडी केन्द्र में दर्ज बच्चों से भी आत्मीय चर्चा की और यहां की व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। सभी बच्चों ने केन्द्र की व्यवस्थाओं की सराहना की। आयोग के माननीय अध्यक्ष न्यायमूर्ति जैन ने आंगनवाडी केन्द्र परिसर में ही नीम का पौधारोपण भी किया।